Education
🔴 Breaking

पहली ही कोशिश में सीडीएस परीक्षा पास कर अंकित बने सेना में लेफ्टिनेंट, बढ़ाया क्षेत्र का मान

पिता की प्रेरणा से देखा था सेना में अधिकारी बनने का सपना, कड़ी मेहनत से हासिल की सफलता; एक अक्टूबर से चेन्नई में शुरू होगा प्रशिक्षण

168 views

कौशाम्बी। सिराथू तहसील क्षेत्र के शुजातपुर बमरौली निवासी सुभाष चंद्र द्विवेदी के पौत्र एवं स्वर्गीय अवधेश द्विवेदी के पुत्र अंकित द्विवेदी का चयन संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (सीडीएस) के माध्यम से भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है। अंकित ने पहली ही कोशिश में सीडीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार के साथ ही क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

अंकित की शुरू से ही पढ़ाई के प्रति विशेष रुचि और लगन रही है। उनके पिता स्वर्गीय अवधेश द्विवेदी भी सेना में कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान बीमारी के कारण कई वर्ष पूर्व उनका निधन हो गया था। पिता के निधन के बाद से ही अंकित ने सेना में अधिकारी बनने का संकल्प लिया था। कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर उन्होंने अपने इस सपने को साकार कर दिखाया।

अंकित का सेना की अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (ओटीए), चेन्नई में प्रशिक्षण एक अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। उनके चयन की जानकारी मिलते ही परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने अंकित के घर पहुंचकर तथा फोन के माध्यम से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

अंकित की इस उपलब्धि पर सोम चंद्र द्विवेदी, राजेश द्विवेदी, दिवाकर द्विवेदी, श्याम सुंदर, महेंद्र, प्रभाकर द्विवेदी, ज्ञानेश और अभिषेक द्विवेदी समेत क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने अंकित के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके सेना में अधिकारी बनने पर गर्व जताया।