कौशांबी : अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर सिराथू ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगीरा में मंगलवार को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक विकास कुमार की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा और साक्षरता के महत्व से परिचित कराया गया। बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने के साथ ही आसपास के लोगों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर से प्रभात फेरी एवं साक्षरता रैली निकाली गई। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर बच्चों ने गांव में भ्रमण किया और लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान ‘पढ़ेगा भारत तो बढ़ेगा भारत’ सहित विभिन्न नारों से विद्यार्थियों ने शिक्षा की अलख जगाई।
विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए निबंध, भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए साक्षरता और शिक्षा के महत्व को विभिन्न माध्यमों से प्रस्तुत किया। वहीं ‘सब पढ़ें, सब बढ़ें’ विषय पर आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षा से होने वाले लाभ और निरक्षरता से उत्पन्न चुनौतियों को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ना-लिखना सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाने का माध्यम है। बच्चों से स्वयं नियमित अध्ययन करने और अन्य लोगों को भी पढ़ने-पढ़ाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में प्रियांशी, रूबी, रुचि, प्रिंस यादव, कृष यादव, अमृत राज मौर्य, विजयलक्ष्मी, अमन, रोहित, मोहित, वीरेन, नितिन, उमेश, रानू, नीतू आदि विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
