Others
🔴 Breaking

ओपीएस की मांग को लेकर 21 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा

पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा ने तेज की मुहिम, डीएम व सीडीओ को सौंपा आमंत्रण पत्र

74 views

कौशाम्बी : पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू कराने की मांग को लेकर अटेवा की ओर से 21 अगस्त को जिला मुख्यालय मंझनपुर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में शिक्षक, कर्मचारी और विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारी व सदस्य शामिल होकर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को प्रमुखता से उठाएंगे। कार्यक्रम में अधिकारियों की सहभागिता के लिए संगठन पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी अमित पाल और मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा।

अटेवा जिला अध्यक्ष कुशल सिंह ने बताया कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ ही कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के भविष्य की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ा विषय है। संगठन लंबे समय से ओपीएस लागू कराने की मांग को लेकर विभिन्न स्तरों पर अभियान चला रहा है।

पदाधिकारियों ने बताया कि 21 अगस्त को प्रस्तावित यात्रा में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शामिल होंगे। यात्रा को लेकर संगठन की ओर से पदाधिकारियों और सदस्यों से संपर्क कर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी जा रही हैं।

जिलाध्यक्ष कुशल सिंह के नेतृत्व में जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन, जिला कोषाध्यक्ष धीरज यादव, जिला संगठन मंत्री इकबाल अली, पंचायती राज विभाग मंडल अध्यक्ष प्रयागराज श्रीराम सिंह और अनुदेशक संघ के सदस्य लवकुश अग्रहरी मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी और सीडीओ से यात्रा में शामिल होकर कार्यक्रम का उत्साह बढ़ाने का अनुरोध किया।