Education
🔴 Breaking

नवोदय की राह आसान कर रहा ‘मिशन नवोदय’, अतिरिक्त समय देकर बच्चों को मिल रही तैयारी

बच्चों को निःशुल्क पुस्तके प्रदान कर बच्चों की तैयारी के लिए अतिरिक्त समय देते है शिक्षक अरुण कुमार शुक्ला

10 views

कौशाम्बी: ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश दिलाने के उद्देश्य से मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय असरफपुर में ‘मिशन नवोदय’ के अंतर्गत विशेष तैयारी कराई जा रही है। विद्यालय में नवोदय प्रवेश परीक्षा की तैयारी करने वाले बच्चों को प्रतिदिन अतिरिक्त समय देकर मानसिक योग्यता, गणित और भाषा विषयों के सरल व महत्वपूर्ण प्रश्नों का अभ्यास कराया जाता है।

सहायक अध्यापक अरुण कुमार ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से बच्चों को अपने स्तर से निःशुल्क नवोदय प्रवेश परीक्षा की पुस्तक उपलब्ध कराकर नियमित अभ्यास करा रहे हैं। बच्चों में परीक्षा के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए कक्षा तीन से ही उनकी तैयारी शुरू कर दी जाती है। प्रत्येक शनिवार को मिशन शिक्षण संवाद की ओर से तैयार किए गए माडल अभ्यास प्रश्नपत्रों को बच्चों से हल कराया जाता है, जिससे उनकी परीक्षा संबंधी समझ और समय प्रबंधन क्षमता विकसित हो सके।

उन्होंने बताया कि सत्र 2025-26 में विद्यालय के तीन बच्चे मेरिट के काफी करीब पहुंचे थे, लेकिन कुछ अंकों के अंतर से चयन नहीं हो सका। हालांकि इसी क्रम में विद्यालय की छात्रा महजबी पुत्री समीर अहमद का चयन जुलाई में नवोदय विद्यालय के लिए हुआ। छात्रा वर्तमान में नवोदय विद्यालय में प्रवेश लेकर अध्ययन कर रही है।

विद्यालय के इस प्रयास से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने का उत्साह बढ़ रहा है। शिक्षक का लक्ष्य अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराकर उन्हें नवोदय की राह तक पहुंचाना है।