कौशांबी : अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को कड़ा ब्लॉक क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव के निर्देशन में नवभारत साक्षरता अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व एआरपी डीके श्रीवास्तव, रेनू वर्मा, विनोद कुमार शुक्ला और सवीना बानो ने किया। रैली में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर प्रतिभागियों ने लोगों को साक्षरता के महत्व के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान ‘पढ़ेंगे और पढ़ाएंगे, निरक्षरता दूर भगाएंगे’, ‘साक्षर बनें, समाज को आगे बढ़ाएं’ और ‘हर घर शिक्षा की अलख जगाएं, नवभारत को साक्षर बनाएं’ जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। शिक्षकों ने ग्रामीणों को समझाया कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने का सशक्त माध्यम है।
एआरपी डीके श्रीवास्तव, रेनू वर्मा, विनोद कुमार शुक्ला और सवीना बानो ने कहा कि नवभारत साक्षरता अभियान का उद्देश्य शिक्षा से वंचित लोगों को पढ़ने-लिखने के अवसर उपलब्ध कराना है। एक व्यक्ति के साक्षर होने से पूरा परिवार और समाज जागरूक होता है। उन्होंने लोगों से निरक्षर वयस्कों को शिक्षा से जोड़ने में सहयोग करने का आह्वान किया।
रैली के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों और ग्रामीणों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे अपने आसपास के निरक्षर लोगों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित करेंगे और साक्षरता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
