Education
🔴 Breaking

नवाचार से बच्चों को पढ़ाने वाली सुमन कुशवाहा को मिलेगा राज्य शिक्षक पुरस्कार

नेवादा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर की प्रधानाध्यापिका का प्रदेश के 61 शिक्षकों में चयन, पांच सितंबर को लखनऊ में होंगी सम्मानित

21 views

कौशाम्बी : जनपद के नेवादा बलाक स्थित प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर की प्रधानाध्यापिका सुमन कुशवाहा ने जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। शासन की ओर से सोमवार को जारी की गई उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 की सूची में उनका चयन किया गया है। प्रदेश के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत कुल 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है, जिसमें कौशांबी की सुमन कुशवाहा भी शामिल हैं। चयन के बाद जिले के शिक्षकों और शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल है। उन्हें पांच सितंबर को लखनऊ में आयोजित समारोह में राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

बेसिक शिक्षा अनुभाग-4 की ओर से 31 अगस्त को जारी शासनादेश में बताया गया है कि राज्य स्तरीय चयन समिति की बैठक में की गई संस्तुति के आधार पर 61 शिक्षक-शिक्षिकाओं के नामों को राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 प्रदान किए जाने के लिए शासन की ओर से अनुमोदन प्रदान किया गया है। सूची जारी होने के बाद सुमन कुशवाहा को बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया।

नवाचार और तकनीकी शिक्षण को बनाया आधार

सुमन कुशवाहा ने विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी और बच्चों के लिए रुचिकर बनाने के लिए लगातार नवाचार किए। उन्होंने बच्चों की जरूरत और उनकी सीखने की क्षमता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न गतिविधियों और तकनीकी माध्यमों का प्रयोग किया। पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतीकरण, नवाचारी शिक्षण पद्धति और बच्चों के शैक्षिक स्तर के आकलन को भी उन्होंने अपनी शिक्षण व्यवस्था का हिस्सा बनाया। चयन प्रक्रिया के दौरान उनके इन प्रयासों के साथ ही विद्यालय की भौगोलिक व शैक्षिक व्यवस्था का भी आकलन किया गया।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित रखने के बजाय गतिविधि आधारित और सरल तरीके से पढ़ाने पर जोर दिया जाता है। उनका प्रयास रहता है कि बच्चे पढ़ाई को बोझ न समझें और रुचि के साथ सीखें। विद्यालय के वातावरण को बेहतर बनाने व बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भी वह लगातार प्रयासरत रही हैं।

सुमन कुशवाहा ने कहा कि विद्यालय और बच्चों के लिए हमेशा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया है। राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन होना उनके लिए गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय के शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। इससे पहले भी उनके कार्यों को जिला स्तर पर कई बार सराहना और सम्मान मिल चुका है। उनकी इस उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा, खंड शिक्षा अधिकारी नेवादा बृजेश सिंह सहित कई अधिकारियों व शिक्षकों ने बधाई प्रेषित की है।