Education
🔴 Breaking

नुक्कड़ नाटक से गूंजा बाल अधिकारों का संदेश

शिक्षा, सुरक्षा और समानता के प्रति किया जागरूक, बाल श्रम के खिलाफ बुलंद की आवाज

7 views

कौशाम्बी: मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय चिल्ला शहबाजी, चायल में बाल अधिकार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन कर शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार, सुरक्षा और बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया। बच्चों ने अपने सशक्त संवादों और नारों के माध्यम से समाज को बाल अधिकारों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

नुक्कड़ नाटक के जरिए विद्यार्थियों ने बताया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने, सुरक्षित वातावरण में रहने और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है। बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के साथ ही बालिकाओं और बालकों को समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

शिक्षिका शिप्रा गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनमें समानता, आत्मविश्वास व सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इस गतिविधि से विद्यार्थियों को अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने और सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान मिलना चाहिए। बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।