Education
🔴 Breaking

निपुण-विद्या डीटीएच चैनल से पढ़ाई को मिलेगा नया आयाम

शिक्षकों व अभिभावकों के सहयोग से अगस्त माह की समय-सारिणी के अनुसार बच्चे करेंगे गुणवत्तापूर्ण अध्ययन

13 views

कौशाम्बी :परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों की सीखने की क्षमता को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से अगस्त माह के लिए निपुण-विद्या डीटीएच चैनल पर प्रसारित होने वाले शैक्षिक कार्यक्रमों की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मंझनपुर ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि शिक्षक निर्धारित समय के अनुसार विद्यार्थियों को इन कार्यक्रमों से जोड़ें व अभिभावकों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

डायट प्राचार्य निधि शुक्ला की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार 1 से 31 अगस्त 2026 तक निपुण-विद्या डीटीएच चैनल व निपुण-विद्या यूट्यूब चैनल पर कक्षा-वार और विषयवार शैक्षिक वीडियो प्रसारित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को रोचक, गतिविधि आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी भाषा, गणित व अन्य विषयों की समझ और अधिक मजबूत हो सके।

शिक्षकों से अपेक्षा की गई है कि वे विद्यालय में विद्यार्थियों को समय-सारिणी की जानकारी दें, कक्षा शिक्षण के दौरान इन वीडियो का उपयोग करें और अभिभावकों को भी बच्चों के साथ घर पर इन शैक्षिक कार्यक्रमों को देखने के लिए प्रेरित करें। इससे विद्यालय और घर दोनों स्थानों पर सीखने का बेहतर वातावरण तैयार होगा।

डायट प्राचार्य ने कहा है कि शासन की इस पहल का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करना है। यदि शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मिलकर इस अभियान में सहभागिता करेंगे तो बच्चों के अधिगम स्तर में निश्चित रूप से सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा। विद्यालयों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित कर इस शैक्षिक पहल को सफल बनाएं।