Education
🔴 Breaking

निपुण परीक्षा की तैयारी को लेकर शिक्षक संकुलों का क्षमता संवर्धन

संकुल बैठकों को प्रभावी बनाने और विद्यालयों को आदर्श बनाने पर दिया गया जोर, शिक्षकों को अकादमिक सहयोग देने की बनी कार्ययोजना

35 views

कौशाम्बी : आगामी संकुल बैठकों को अधिक प्रभावी बनाने और निपुण परीक्षा की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लेंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन ने बीएसए कार्यालय के सहयोग व समन्वय से कड़ा ब्लाक के बीआरसी सभागार में शनिवार को एक दिवसीय शिक्षक संकुल क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया। खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में संकुल बैठकों की गुणवत्ता बढ़ाने, शिक्षकों को प्रभावी अकादमिक सहयोग उपलब्ध कराने और निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

कार्यशाला में एसआरजी दिलीप तिवारी ने कहा कि विद्यालयों में संकुल बैठकों का संचालन रोचक, उद्देश्यपूर्ण और प्रभावी तरीके से किया जाना चाहिए। शिक्षक संकुल अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, ताकि इन बैठकों के माध्यम से शिक्षकों को शिक्षण संबंधी समस्याओं के समाधान और बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने का अवसर मिल सके। उन्होंने नोडल संकुलों को अपने अधीन विद्यालयों को आदर्श बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, एआरपी विनोद शुक्ला ने गुणवत्तापूर्ण संकुल बैठक के आयोजन की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि बैठक को सफल बनाने के लिए आयोजन से पहले की तैयारी, बैठक के दौरान प्रभावी संवाद और शैक्षणिक विषयों पर चर्चा व बैठक के बाद कार्ययोजना के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संकुल बैठकें केवल सूचनाओं के आदान-प्रदान तक सीमित न रहें, बल्कि शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने और बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार का माध्यम बनें।

कार्यशाला में निपुण परीक्षा के उद्देश्य, तैयारी की रणनीति और अपेक्षित दक्षताओं पर चर्चा की गई। साथ ही बच्चों की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति का आकलन करने, सीखने में आ रहे अंतराल की पहचान करने और बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी शिक्षण-अधिगम गतिविधियों पर जोर दिया गया। विद्यालय स्तर पर नियमित अभ्यास, बच्चों की प्रगति की समीक्षा और आवश्यकतानुसार शिक्षण रणनीतियों में बदलाव करने की जरूरत भी बताई गई।

कार्यशाला में लेंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन की आरती वर्मा और श्वेता सिंह और कड़ा ब्लाक की अकादमिक समन्वयक रेशमा बानो सहित ब्लाक के सभी एआरपी मौजूद रहे।