कौशाम्बी: विकासखंड कड़ा स्थित बीआरसी सभागार में गुरुवार को निपुण भारत मिशन के अंतर्गत प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव ने की। बैठक में सबसे पहले विद्यालयवार बिंदुवार समीक्षा करते हुए वर्तमान शैक्षिक सत्र में शत-प्रतिशत नामांकन, शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति, डीबीटी धनराशि, पाठ्यपुस्तक वितरण, अपार आईडी निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में भयमुक्त, तनावमुक्त व गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण तैयार किया जाए। उन्होंने गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति अपनाकर बच्चों को रुचिकर व प्रभावी शिक्षा देने पर विशेष बल दिया। साथ ही सभी योजनाओं का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एलएलएफ की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रेशमा बानो रंगरेज ने एफएलएन प्रशिक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देते हुए आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण में बताए गए नवाचारों को विद्यालयों में लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षक डायरी, निपुण तालिका, टीएलएम (शैक्षणिक सामग्री), कक्षा-कक्ष में प्रभावी शिक्षण व्यवस्था सहित विभिन्न शिक्षण सामग्रियों के उपयोग पर भी विस्तार से जानकारी दी।
एआरपी दिनेश कुमार श्रीवास्तव ने तकनीकी समस्याओं के समाधान व विभिन्न ऑनलाइन कार्यों के संबंध में प्रधानाध्यापकों का मार्गदर्शन किया। बैठक में शुक्रवार से प्रारंभ होने वाले एफएलएन प्रशिक्षण की रूपरेखा व उद्देश्य की जानकारी भी दी गई व सभी प्रधानाध्यापकों से प्रशिक्षण में विद्यालय से लगाए गए शिक्षकों को प्रशिक्षण में भेजने के लिए सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक के अंत में विद्यालयों में निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का संकल्प लिया गया।
