Education
🔴 Breaking

नेतृत्व से बदलेगी स्कूलों की तस्वीर, प्रधानाध्यापकों को मिल रहा प्रशिक्षण

डायट में सक्षम का चौथा चरण पूरा, समर्थ के तृतीय बैच का हुआ शुभारंभ

39 views

कौशाम्बी: विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने और प्रधानाध्यापकों को प्रभावी नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करने के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), मंझनपुर में सक्षम व समर्थ प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रधानाध्यापकों को विद्यालय संचालन के साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कौशल विकसित किए जा रहे हैं।

उप शिक्षा निदेशक व प्राचार्य डायट निधि शुक्ला के निर्देशन व वरिष्ठ प्रवक्ता अनूप कुमार की अगुवाई में आयोजित सक्षम प्रशिक्षण का चौथा चरण आठ से 10 सितंबर तक पूरा हुआ। इसमें मंझनपुर, सिराथू और सरसवां विकासखंड के प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण में विद्यालय नेतृत्व, शैक्षिक व प्रशासनिक प्रबंधन, प्रभावी कक्षा संचालन, शिक्षक सहयोग एवं मार्गदर्शन, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार और बाल-केंद्रित वातावरण तैयार करने जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।

सक्षम प्रशिक्षण के पांचवें चरण की शुरुआत 11 सितंबर से होगी। इसमें सरसवां और मूरतगंज विकासखंड के प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल होंगे।

इसी क्रम में समर्थ प्रशिक्षण के दो चरण पहले ही पूरे हो चुके हैं। 10 सितंबर से इसके तृतीय बैच का शुभारंभ किया गया। इसमें मूरतगंज, नेवादा, मंझनपुर और सिराथू विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण में शैक्षिक योजना निर्माण, शिक्षक मार्गदर्शन, विद्यार्थियों की अधिगम आवश्यकताओं की पहचान, विद्यालय प्रबंधन, सामुदायिक सहभागिता और सकारात्मक शैक्षिक वातावरण निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

डायट के प्रवक्ताओं, संदर्भदाताओं और विषय विशेषज्ञों ने गतिविधि आधारित व सहभागितापूर्ण तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रधानाध्यापकों को प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान और कौशल को विद्यालय स्तर पर लागू करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य ऐसे प्रधानाध्यापक तैयार करना है, जो विद्यालय में शिक्षकों का प्रभावी मार्गदर्शन करते हुए विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया को और बेहतर बना सकें। डायट द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।