Education
🔴 Breaking

नाटक के जरिए बच्चों ने दिया स्वच्छता और संचारी रोगों से बचाव का संदेश

हिसामपुर परसखी प्राथमिक विद्यालय में मिशन शक्ति के तहत हुआ जागरूकता कार्यक्रम, डेंगू से बचाव के बताए उपाय

20 views

कौशाम्बी : मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बुधवार को कड़ा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में स्वच्छता और संचारी रोगों से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों ने नाटक के माध्यम से साफ-सफाई का महत्व बताते हुए लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

नाटक के जरिए बच्चों ने संदेश दिया कि घर और आसपास गंदगी जमा नहीं होने देनी चाहिए। नालियों की नियमित सफाई करने के साथ ही कहीं भी गंदा पानी इकट्ठा नहीं होने देना चाहिए। बच्चों ने डेंगू जैसी गंभीर बीमारी के कारणों और उससे बचाव के उपायों को अभिनय के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, पानी को ढककर रखने और मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ ही समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर शिक्षिका माया सिंह ने बच्चों को संचारी रोगों के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं शिक्षिका रिया सेठी ने नाटक में बच्चों के अभिनय को जीवंत और प्रस्तुति को प्रभावशाली बनाने में सहयोग किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को साफ रखना चाहिए। उन्होंने बच्चों से कार्यक्रम में सीखी गई बातों को अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।