कौशाम्बी:मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय चिल्ला शहबाजी में नारी सशक्तीकरण विषय पर रोल मॉडल गतिविधि का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने महान और प्रेरणादायी महिलाओं के जीवन, संघर्ष, साहस और उपलब्धियों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। बच्चों ने बताया कि महिलाएं आज शिक्षा, विज्ञान, खेल, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
गतिविधि के दौरान शिक्षिका शिप्रा गुप्ता ने विद्यार्थियों को महिलाओं के सम्मान, समानता और आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि समाज की प्रगति के लिए बालिकाओं को शिक्षा के समान अवसर देना और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रोत्साहित करना आवश्यक है। प्रेरणादायी महिलाओं के जीवन से सीख लेकर बालिकाएं अपने लक्ष्य निर्धारित कर सकती हैं और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकती हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ ही बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के प्रति जागरूक करना रहा। गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि नारी को समान अधिकार, सम्मान और अवसर मिलने से परिवार, समाज और राष्ट्र मजबूत बनेंगे। नारी सशक्त होगी, तभी देश की प्रगति को नई दिशा मिलेगी।
