कौशांबी: विकास खंड कड़ा के बीआरसी सभागार में मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव की अध्यक्षता में 'निपुण भारत मिशन' के अंतर्गत प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने प्रतिभाग किया।
बैठक को संबोधित करते हुए बीईओ ने कहा कि विद्यालय खुलने के बाद छात्र नामांकन के साथ-साथ नियमित उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने शिक्षकों को अभिभावकों से सतत संपर्क बनाए रखने और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए कैच-अप गतिविधियों व रेमेडियल कक्षाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में स्कूल चलो अभियान, छात्र नामांकन, डीबीटी व अपार आईडी, यू-डायस कार्य, ऑपरेशन कायाकल्प, मध्यान्ह भोजन, टीएलएम के उपयोग, राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन, निपुण लक्ष्य ऐप पर मूल्यांकन व शासनादेशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की गई।
इस अवसर पर एआरपी डी के श्रीवास्तव, विनोद कुमार शुक्ला सहित प्रधानाध्यापक ब्रजेंद्र सिंह, रुद्रपाल सिंह, अफरोज आलम, रामकृष्ण साहू समेत बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापक व बीआरसी कर्मी मौजूद रहे।
