Sports
🔴 Breaking

मूरतगंज, नेवादा, मंझनपुर व कौशांबी ने जीते लीग मुकाबले

दिव्य की शतकीय पारी से कौशांबी स्मैशर्स ने बनाया 195 रन का विशाल स्कोर, मंझनपुर फाइटर्स को 113 रन से हराया

45 views
मूरतगंज, नेवादा, मंझनपुर व कौशांबी ने जीते लीग मुकाबले
1 / 2
Image 1 of 2(Primary Cover)

मूरतगंज, नेवादा, मंझनपुर व कौशांबी ने जीते लीग मुकाबले

दिव्य की शतकीय पारी से कौशांबी स्मैशर्स ने बनाया 195 रन का विशाल स्कोर, मंझनपुर फाइटर्स को 113 रन से हराया

44 गेंदों में नाबाद 121 रन बनाकर दिव्य बने मैन ऑफ द मैच, कृष्ण प्रकाश ने भी जड़ा नाबाद अर्धशतक

कौशाम्बी : टीचर्स प्रीमियर लीग (टीपीएल) सीजन-5 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत रविवार को इमली गांव स्थित बाल विद्या भारती पब्लिक स्कूल, नेवादा और जिला स्टेडियम टेवां में लीग मुकाबले खेले गए। दोनों मैदानों पर खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। नेवादा नाइट राइडर्स, मूरतगंज, कौशांबी और रॉयल चैलेंजर्स मंझनपुर ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। वहीं, कौशांबी स्मैशर्स ने मंझनपुर फाइटर्स के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए प्रतियोगिता का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। दिव्य की नाबाद शतकीय पारी और कृष्णा प्रकाश के अर्धशतक की बदौलत टीम ने 113 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल की।

इमली गांव स्थित बाल विद्या भारती पब्लिक स्कूल में खेले गए पहले मुकाबले में नेवादा नाइट राइडर्स ने सरसवा को तीन विकेट से हराया। सरसवा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाए। जवाब में नेवादा की टीम ने 11.3 ओवर में सात विकेट खोकर 104 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। संजय वर्मा ने 34 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसके लिए उन्हें मैन आफ द मैच घोषित किया गया।

इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में मूरतगंज ने चायल को 13 रन से पराजित किया। मूरतगंज के कप्तान मारुति नंदन त्रिपाठी ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ज्ञानेंद्र सिंह ने 31 रन और राकेश बत्रा ने 27 गेंदों में 42 रन की शानदार पारी खेली। इनके योगदान से मूरतगंज ने निर्धारित 12 ओवर में 112 रन बनाए। चायल की ओर से पुष्पेंद्र सिंह और महेंद्र सिंह ने दो-दो विकेट, जबकि नीरज सिंह ने एक विकेट हासिल किया।

113 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चायल की टीम निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट खोकर 99 रन ही बना सकी। पुष्पेंद्र सिंह ने 16, रघुनाथ द्विवेदी ने 21 और सुशील प्रजापति ने 12 रन बनाए। मूरतगंज की ओर से अवधेश कुशवाहा ने दो विकेट, जबकि मारुति नंदन त्रिपाठी, संदीप आनंद और इरशाद ने एक-एक विकेट लिया। ज्ञानेंद्र सिंह को मैन आफ द मैच चुना गया।

एक अन्य मुकाबले में नेवादा राइडर्स ने सिराथू चैंपियंस को छह विकेट से हराया। नेवादा की ओर से जितेंद्र सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रन की नाबाद पारी खेली। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन आफ द मैच घोषित किया गया।

उधर, जिला स्टेडियम टेवां में खेले गए पहले मुकाबले में कौशांबी ने सिराथू वारियर्स को आठ विकेट से शिकस्त दी। सिराथू वारियर्स की टीम निर्धारित 12 ओवर में नौ विकेट खोकर 65 रन ही बना सकी। जवाब में कौशांबी ने 6.4 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कृष्ण प्रकाश ने 40 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी हासिल किए। उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में रायल चैलेंजर्स मंझनपुर ने कड़ा सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया। कड़ा की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट खोकर 80 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंझनपुर की टीम ने 11 ओवर में पांच विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। मंझनपुर की ओर से सर्वेश कुमार ने 27 रन बनाने के साथ एक विकेट भी हासिल किया। उन्हें मैन आफ द मैच घोषित किया गया।

दिव्य की शतकीय पारी से कौशांबी स्मैशर्स की बड़ी जीत

जिला स्टेडियम टेवां में कौशांबी स्मैशर्स और मंझनपुर फाइटर्स के बीच खेले गए मुकाबले में कौशांबी के बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन किया। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 195 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज दिव्य और कृष्णा प्रकाश अंत तक क्रीज पर डटे रहे और विपक्षी गेंदबाजों को कोई सफलता नहीं मिलने दी।

दिव्य ने महज 44 गेंदों में 10 चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 121 रन की विस्फोटक पारी खेली। वहीं, कृष्णा प्रकाश ने 29 गेंदों में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई शतकीय साझेदारी ने कौशांबी स्मैशर्स को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दिव्य की आक्रामक बल्लेबाजी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया।

196 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मंझनपुर फाइटर्स की टीम निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट खोकर 82 रन ही बना सकी। टीम की ओर से राजेश शुक्ला ने 19 गेंदों में 23 रन और केशव प्रसाद ने 12 गेंदों में 18 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। कौशांबी की ओर से कृष्णा प्रकाश और मनोज वर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि अमित चौधरी और नितिन जायसवाल को एक-एक विकेट मिला।

इस प्रकार कौशांबी स्मैशर्स ने मंझनपुर फाइटर्स को 113 रन से हराकर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। दिव्य की नाबाद शतकीय पारी और कृष्णा प्रकाश के अर्धशतक ने मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। टीपीएल सीजन-5 में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।