Education
🔴 Breaking

मुख्यमंत्री कैशलेश चिकित्सा योजना के तहत शिक्षकों को मिले स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड, छात्रों के अभिभावकों के खातों में भेजी गई 1200 रुपए की डीबीटी धनराशि

तहसील सभागार सिराथू में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से किया गया कार्यक्रम का आयोजन

31 views

कौशाम्बी: तहसील सभागार सिराथू में बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न शिक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹1200 की धनराशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव एवं खंड शिक्षा अधिकारी सिराथू डॉ. प्रज्ञा सिंह के नेतृत्व में किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि सिराथू ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश मौर्य, विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष भोला यादव तथा भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष शिव प्रताप सिंह मौर्य ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।

अतिथियों ने शिक्षकों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए। साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीच सैलरी पैकेज अकाउंट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हुए एमओयू की जानकारी भी दी गई।

मुख्य अतिथि लवकुश मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने शिक्षकों से प्रत्येक बच्चे का शत-प्रतिशत नामांकन, नियमित उपस्थिति तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष भोला यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए सुरक्षा कवच साबित होगी। इससे बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ बिना आर्थिक चिंता के मिल सकेगा। भाजयुमो जिलाध्यक्ष शिव प्रताप सिंह मौर्य ने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मजबूत शिक्षा व्यवस्था ही विकसित समाज की आधारशिला है।

खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित न रहें, बल्कि प्रत्येक बच्चे के सर्वांगीण विकास को अपना दायित्व समझें। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित उपस्थिति, स्वच्छ एवं प्रेरणादायी वातावरण तथा स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने में सभी शिक्षक सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को प्रतिदिन समय से विद्यालय भेजने की अपील की और कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है।

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सिराथू शाखा के प्रबंधक रमेश साहू ने सैलरी पैकेज अकाउंट की सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि स्थायी कर्मचारियों को वेतनमान के अनुसार ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस, स्थायी दिव्यांगता बीमा सहित कई वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने शिक्षकों से अपने खातों को सैलरी पैकेज अकाउंट में परिवर्तित कराने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम में लगभग 100 शिक्षकों को प्रतीकात्मक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। अंत में खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव एवं डॉ. प्रज्ञा सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रतीक केसरी ने किया। इस अवसर पर तहसीलदार सिद्धार्थ सिंह शिक्षक दीप नारायण मिश्रा, रमेश चन्द्र सेन, भीम सिंह, अनुराग मिश्रा, बरमदीन राणा, शिवभरोस शर्मा, बीरेंद्र केसरवानी, विमल सिंह, विकास सिंह, विद्या चरण त्रिपाठी, दीपक माले, सूर्य प्रकाश राय, रमेश चंद्र सेन, अफरोज आलम, अरुण मिश्रा, भीम शंकर, रामकृष्ण, अजय कुमार, भोलेंद्र वर्मा, रीतू सिंह, वंदना यादव, सुरेंद्र मौर्या सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।