कौशांबी :विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत विधानसभा और पंचायत व नगरीय निकाय की मतदाता सूचियों का गहन मिलान कराया जाएगा। इसके लिए छह नवंबर को मंझनपुर तहसील क्षेत्र के मंझनपुर, सरसवां और कौशांबी विकासखंड मुख्यालयों पर आवश्यक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में संबंधित क्षेत्रों के सभी बूथ लेबल अधिकारियों (बीएलओ) को अद्यतन मतदाता सूचियों के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 252-मंझनपुर विधानसभा क्षेत्र की ओर से पांच नवंबर को जारी आदेश के मुताबिक, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके तहत विधानसभा और पंचायत व नगरीय निकाय की निर्वाचक नामावलियों का आपसी मिलान 10 नवंबर तक पूरा किया जाना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार छह नवंबर को दोपहर 12 बजे मंझनपुर ब्लाक परिसर में तहसीलदार मंझनपुर, खंड शिक्षाधिकारी और खंड विकास अधिकारी की मौजूदगी में बैठक होगी। इसी समय सरसवां ब्लाक परिसर में चकबंदी अधिकारी मंझनपुर, खंड शिक्षाधिकारी और खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं कौशांबी ब्लाक परिसर में नायब तहसीलदार करारी, खंड शिक्षाधिकारी और खंड विकास अधिकारी की मौजूदगी में बीएलओ के साथ बैठक होगी।
निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बैठक में बीएलओ की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खंड विकास अधिकारियों को सभागार, माइक और बीएलओ के बैठने की समुचित व्यवस्था पहले से कराने को कहा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
