कौशाम्बी: एजुकेट गर्ल्स की ओर से गुरुवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय कसिया पूर्व द्वितीय में बाल सभा का गठन किया गया। इसमें छात्राओं ने मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया। कक्षा सात की छात्रा रानी को बाल पंचायत का प्रतिनिधि चुना गया, जबकि कक्षा आठ की छात्रा पायल को मीना बाल प्रेरक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बाल सभा के गठन के दौरान विभिन्न पदों के लिए भी छात्राओं का चयन किया गया। मेनका को प्रबंध सचिव, रितु और चांदनी को साक्षरता सचिव, शिवकुमारी को स्वास्थ्य सचिव व अनम और हेना को खेल सचिव चुना गया। चुनाव प्रक्रिया में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उन्हें मतदान के महत्व, चुनाव की प्रक्रिया और प्रतिनिधियों के चयन की बारीकियों से अवगत कराया गया।
शिक्षकों ने बताया कि बाल सभा के गठन का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करना है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्राओं को जीवन कौशल शिक्षा से जुड़े 10 प्रमुख कौशलों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे अपने दैनिक जीवन में बेहतर निर्णय लेने और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में सक्षम बन सकें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रोग्राम एसोसिएट प्रीति गुप्ता, फील्ड कोऑर्डिनेटर मीता, आलोक द्विवेदी, मारुति नंदन त्रिपाठी, ज्योत्सना सिंह और टीम बालिका शिमला ने सहयोग किया।
