Education
🔴 Breaking

मोनी देवी ने संभाली विद्यालय की कमान, टैबलेट से दर्ज की बच्चों की उपस्थिति

मिशन शक्ति के अंतर्गत छात्रा को मिला नेतृत्व का अवसर, कक्षाओं में पहुंचकर शिक्षण कार्य देकर बच्चों से पूछे सवाल

23 views
मोनी देवी ने संभाली विद्यालय की कमान, टैबलेट से दर्ज की बच्चों की उपस्थिति
1 / 2
Image 1 of 2(Primary Cover)

कौशाम्बी : मिशन शक्ति के अंतर्गत बालिका सशक्तीकरण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से कड़ा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में मंगलवार को अनूठी पहल की गई। कक्षा पांच की छात्रा मोनी देवी को एक दिन के लिए विद्यालय का प्रधानाध्यापक बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने पूरे उत्साह के साथ विद्यालय की जिम्मेदारियां निभाईं और शिक्षण व्यवस्था को करीब से समझा।

एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनने के बाद मोनी देवी ने सबसे पहले सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों की उपस्थिति रजिस्टर पर दर्ज की। इसके बाद टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों की उपस्थिति आनलाइन दर्ज कराई। विद्यालय की इस प्रक्रिया को समझते हुए उन्होंने तकनीक के माध्यम से शैक्षणिक कार्यों के संचालन का अनुभव भी प्राप्त किया।

इसके बाद प्रधानाध्यापिका बनी छात्रा ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से बातचीत की और उनसे पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछे। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों को समझने के साथ उनकी पढ़ाई की जानकारी भी ली। एक दिन की प्रधानाध्यापिका के रूप में जिम्मेदारी निभाते हुए उनके चेहरे पर आत्मविश्वास और उत्साह नजर आया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकृष्ण साहू ने बताया कि विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की योग्यता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। मिशन शक्ति के अंतर्गत इस तरह की पहल से छात्राओं को विद्यालय की प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था समझने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर सहायक अध्यापक माया सिंह, रिया सेठी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।