Sports
🔴 Breaking

मंडलीय केजीबीवी प्रतियोगिता में कौशांबी की बेटियों का दबदबा

एथलेटिक्स में जीते 14 पदक, सलोनी ने 80 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण समेत तीन पदक झटके

46 views

कौशाम्बी: प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में बुधवार को आयोजित मंडल स्तरीय कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी) प्रतियोगिता में कौशांबी की छात्राओं ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक अपने नाम किए। इनमें एक स्वर्ण, चार रजत और नौ कांस्य पदक शामिल रहे। छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर टीम के साथ मौजूद शिक्षकों ने उनका उत्साहवर्धन किया।

सलोनी ने जीता स्वर्ण

80 मीटर बाधा दौड़ में सलोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। सलोनी ने हाई जंप में रजत और गोला फेंक में कांस्य पदक भी जीता। इस तरह उसने व्यक्तिगत रूप से तीन पदक हासिल किए।

एथलेटिक्स में भी शानदार प्रदर्शन

400 मीटर दौड़ में माधुरी ने दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता। 100 मीटर दौड़ में आंचल ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। लंबी कूद में चांदनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता।

रिले रेस में भी पदकों की झड़ी

रिले रेस में कौशांबी की छात्राओं ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। काजल, प्रियांशी, आंचल, माधुरी, माया, राजनन्दनी और कविता ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं अनुपमा ने रिले रेस में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता।

प्रतियोगिता में छात्राओं के प्रदर्शन पर खंड शिक्षा अधिकारी सिराथू डा. प्रज्ञा सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में जिला व्यायाम शिक्षक राजीव सिंह, मन मोहन सिंह चौहान, आलोक पटेल, बीना, ममतांजली, सरिता, सविता और नीलू सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।