'मेरे सपनों का भारत' में बच्चों ने रंगों से उकेरे विकास के सपने
ब्लाक स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में 11 चित्र उत्कृष्ट, प्रतिभागियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
कौशाम्बी: सेवा संकल्प के अंतर्गत सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र सरसवां में विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों के साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सरसवां की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत, बेहतर भविष्य और अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों में उकेरा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि अजय पांडेय और सरसवां मंडल अध्यक्ष प्रमोद भार्गव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी राजीव प्रताप सिंह के नेतृत्व में किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के चित्रों का मूल्यांकन करने के बाद 11 चित्रों को उत्कृष्ट कोटि के लिए चयनित किया। इनमें पायल देवी, सायना बानो, हर्ष, मनोरमा, कंपोजिट विद्यालय नगरेहा कला की रिया मिश्रा, वैष्णवी व शरद चौरसिया, कंपोजिट विद्यालय पुनवार की काव्या सिंह, कंपोजिट स्कूल रानीपुर की शालिनी सिंह, कंपोजिट स्कूल अंधावा की सपना देवी तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सरसवां की छात्रा शामिल रहीं।
इस अवसर पर एआरपी राजेश सिंह, राजू केसरवानी, पंकज सिंह, आशुतोष सिंह, नीरज मिश्रा, सत्येंद्र सिंह, उपेंद्र, नरेंद्र सिंह, राघवेंद्र नारायण पांडेय सहित शिक्षक व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
