कौशाम्बी: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मंझनपुर के प्रशिक्षण हाल में मानवीय व संवैधानिक मूल्यों पर आधारित ‘प्रज्ञा प्रवाह’ मॉड्यूल को लेकर सोमवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन डायट प्राचार्य निधि शुक्ला की अगुवाई में किया जा रहा है। प्रशिक्षण के पहले दिन शिक्षकों को नैतिक, मानवीय व संवैधानिक मूल्यों से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का शुभारंभ वरिष्ठ प्रवक्ता अनूप कुमार ने सरस्वती वंदना के साथ किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षक विद्यालयों में बच्चों के अंदर नैतिक, मानवीय व संवैधानिक मूल्यों का विकास करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के पहले दिन संदर्भदाताओं ने ‘प्रज्ञा प्रवाह’ मॉड्यूल में आवंटित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। किशोर न्याय बोर्ड मंझनपुर के सदस्य मोहम्मद रेहान ने विद्यालय व समाज में बच्चों को जागरूक करने और उन्हें सुरक्षित रखने से संबंधित महत्वपूर्ण सत्र का संचालन किया। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों व जागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
इसी क्रम में बाल कल्याण समिति मंझनपुर की सदस्य बेबी नाज ने बच्चों के कल्याण, देखभाल, सुरक्षा, उपचार, विकास व पुनर्वास से संबंधित विषयों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों के हित में किए जाने वाले आवश्यक प्रयासों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान संस्थान के प्रवक्ता, शिक्षक व अन्य स्टाफ मौजूद रहे। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के आगामी सत्रों में भी शिक्षकों को मॉड्यूल से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
