Accident
🔴 Breaking

मालगाड़ी की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत

सुजातपुर रेलवे स्टेशन के पास डीएफसी लाइन पर मिला शव, पहचान कराने में जुटी पुलिस

10 views

कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के सुजातपुर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को डीएफसी लाइन पर मालगाड़ी की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 2:53 बजे की बताई जा रही है। युवक की उम्र लगभग 28 वर्ष बताई गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार प्रयागराज से कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी सुजातपुर रेलवे स्टेशन के पास डीएफसी लाइन से गुजर रही थी। इसी दौरान एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर शहजादपुर पुलिस चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक के शरीर पर सफेद बनियान और नीला चड्ढा था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही युवक की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है।

चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।