कौशाम्बी : रिजवी ग्राउंड करारी में आयोजित लार्ड बुद्धा कप सीजन-4 लेदर क्रिकेट टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में प्रतापगढ़ पाइरेट्स ने टीचर्स जौनपुर को तीन विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जौनपुर की टीम 18 ओवर में 71 रन पर सिमट गई। जवाब में प्रतापगढ़ पाइरेट्स ने 13.5 ओवर में सात विकेट खोकर 72 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रतापगढ़ ने 25 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम किया।
टास के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीचर्स जौनपुर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रतापगढ़ के गेंदबाजों ने कसी गेंदबाजी करते हुए जौनपुर के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। जौनपुर की पूरी टीम 18 ओवर में 71 रन पर आउट हो गई। विजय सिंह ने 31 गेंदों पर नाबाद 17 रन बनाए। जय सिंह यादव और प्रिंस मौर्य ने 16-16 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रतापगढ़ पाइरेट्स की टीम ने शुरुआत से ही संभलकर बल्लेबाजी की। सचिन कुमार पाल ने 19 रन, आनंद मिश्रा ने 11 रन और जितेंद्र (जित्तू) ने नाबाद 13 रन बनाए। कप्तान सुरजीत कुमार ने महज सात गेंदों में 11 रन की तेज पारी खेलकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। प्रतापगढ़ ने 13.5 ओवर में सात विकेट खोकर 72 रन बनाकर खिताब अपने नाम कर लिया।
गेंदबाजी में प्रतापगढ़ के सौरभ कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार विकेट चटकाए। अतुल ने दो और त्रिलोकी नाथ ने एक विकेट हासिल किया। जौनपुर की ओर से सुरजीत कुमार ने तीन विकेट लेकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
सेमीफाइनल में कौशांबी और रायबरेली को दी शिकस्त
फाइनल से पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में प्रतापगढ़ पाइरेट्स ने कौशांबी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। दूसरे सेमीफाइनल में टीचर्स जौनपुर ने रायबरेली को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। इसके बाद रिजवी ग्राउंड पर दोनों टीमों के बीच हुए फाइनल में प्रतापगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जौनपुर को तीन विकेट से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समापन व पुरस्कार समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी कौशांबी अरुण कुमार सिंह और ब्लाक अध्यक्ष कौशांबी गोबिल सिंह मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता प्रतापगढ़ पाइरेट्स और उपविजेता टीचर्स जौनपुर के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है।
लार्ड बुद्धा कप सीजन-4 में शिक्षक क्रिकेटरों ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए खेल, अनुशासन, भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश दिया। प्रतियोगिता के आयोजक कृष्ण प्रकाश सिंह और दिव्य रतन यादव रहे।
