कौशाम्बी:लार्ड बुद्धा कप सीजन-4 लेदर क्रिकेट टूर्नामेंट अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। शनिवार को खेले गए तीन लीग मुकाबलों के बाद कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर और रायबरेली की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में कौशांबी का मुकाबला प्रतापगढ़ से, जबकि जौनपुर की भिड़ंत रायबरेली से होगी। टूर्नामेंट के मुकाबले विद्या भारती क्रिकेट स्टेडियम इमली गांव नेवादा और रिजवी क्रिकेट ग्राउंड करारी में खेले जा रहे हैं।
शनिवार को पहला लीग मुकाबला कौशांबी और प्रयागराज के बीच हुआ। कौशांबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आलोक पटेल के 35 रनों की शानदार पारी की बदौलत निर्धारित ओवरों में 142 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयागराज की टीम नौ विकेट खोकर 129 रन ही बना सकी। कौशांबी ने 13 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
दूसरे लीग मुकाबले में अमेठी और कौशांबी की टीमें आमने-सामने हुईं। अमेठी की टीम निर्धारित 15 ओवर में महज 57 रन ही बना सकी। आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी कौशांबी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज सात ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
तीसरे मुकाबले में जौनपुर और प्रयागराज के बीच भिड़ंत हुई। जौनपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 98 रन बनाए। जवाब में प्रयागराज की टीम 62 रन पर ही सिमट गई। जौनपुर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
फाइनल के लिए होगा रोमांचक मुकाबला
सेमीफाइनल में पहुंची चारों टीमें अब खिताब से सिर्फ एक जीत दूर हैं। विद्या भारती क्रिकेट स्टेडियम इमलीगांव नेवादा में जौनपुर और रायबरेली के बीच मुकाबला होगा, जबकि रिजवी क्रिकेट ग्राउंड करारी में कौशांबी और प्रतापगढ़ की टीमें फाइनल में प्रवेश के लिए आमने-सामने होंगी। दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ रणनीति और दबाव में बेहतर खेल अहम रहेगा।
विजेता को 12 हजार, उपविजेता को छह हजार रुपये
लार्ड बुद्धा कप सीजन-4 की विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 12 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। उपविजेता टीम को ट्रॉफी और छह हजार रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।
रिजवी ग्राउंड में होगा फाइनल
टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला
रिजवी क्रिकेट ग्राउंड करारी में दोपहर एक बजे से खेला जाएगा। सेमीफाइनल में जीत दर्ज करने वाली दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी।
