कौशाम्बी: वृक्षारोपण महायज्ञ दिवस के अवसर पर प्रयागराज मंडल की मंडलायुक्त एवं जनपद की नोडल अधिकारी सौम्या अग्रवाल ने रविवार को विकासखंड मूरतगंज के बरई सुलेम स्थित कपि वन में फलदार पौधे का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण देने का संकल्प है।
इस दौरान मंडलायुक्त ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पौधे वितरित किए और उन्हें अधिक से अधिक पौधरोपण करने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी से रोपे गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की, ताकि पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
