Crime
🔴 Breaking

कमरे में फंदे से लटका मिला युवक का शव, पत्नी पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप

मुंबई से कुछ दिन पहले लौटा था युवक, भाई ने पत्नी के फरार होने व पांच-छह संदिग्ध लोगों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए दी तहरीर

25 views

कौशाम्बी: कड़ाधाम थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर के कमरे के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के भाई ने पत्नी पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने तथा घटना के बाद फरार होने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

रघुनाथपुर निवासी पिंटू (35) पुत्र रामलाल मुंबई में रहकर एसी रिपेयरिंग का कार्य करता था। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिन पहले ही मुंबई से घर लौटा था। स्वजनों के अनुसार पत्नी मालती देवी से उसके संबंधों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। तीन-चार दिन पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद गुरुवार को कड़ाधाम थाना क्षेत्र स्थित हब्बूनगर पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया था।

स्वजनों के मुताबिक समझौते के बावजूद शुक्रवार को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। इसके बाद रात में संदिग्ध परिस्थितियों में पिंटू की मौत हो गई। शनिवार सुबह उसका शव घर के कमरे के अंदर रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के भाई महाराजदीन ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि मालती देवी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध थे, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उनका आरोप है कि पत्नी ने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पिंटू की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि घटना की रात पांच-छह संदिग्ध लोग घर के बाहर देखे गए थे, जिससे अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है। उन्होंने सभी आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि घटना के बाद से मालती देवी घर से फरार है।

घटना के बाद मृतक के तीनों बच्चों—अनमोल (12), मोनिका (8) और आयुष (3)—का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों, स्वजनों के आरोपों तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।