Education
🔴 Breaking

कला प्रतियोगिता में अधिक से अधिक बच्चों की कराएं सहभागिता

सीडीओ ने गूगल मीट में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, 17 सितंबर से शुरू होगी प्रतियोगिता

17 views

कौशांबी : परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कलात्मक अभिरुचि व प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली कला प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने सोमवार को गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा की। बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक समेत संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

सीडीओ ने प्रतियोगिता की तैयारियों की समीक्षा करते हुए शासन के निर्देशों के अनुरूप व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। कला बच्चों की कल्पनाशीलता, संवेदनशीलता और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। प्रतियोगिता को महज औपचारिकता न मानकर बाल प्रतिभाओं को पहचानने और निखारने के अवसर के रूप में लिया जाए।

प्रतियोगिता के अंतर्गत 16 सितंबर तक प्रचार-प्रसार व आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। 17 सितंबर को विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता, 18 सितंबर को उत्कृष्ट चित्रों एवं प्रतिभागियों का चयन कर सूचना संकलित की जाएगी। 19 सितंबर को ब्लाक स्तर की प्रतियोगिता होगी। इसके बाद 21 सितंबर को जनपद स्तर के लिए चयनित प्रतिभागियों की सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। 23 सितंबर को जनपद स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित होगी, जबकि 24 सितंबर को उत्कृष्ट चित्रों का प्रदर्शन व प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

सीडीओ ने बीएसए, बीईओ व जिला समन्वयकों को निर्देशित किया कि प्रतियोगिता से संबंधित आदेश और दिशा-निर्देश समय से विद्यालयों तक पहुंचाए जाएं। प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की जानकारी देकर उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा का कड़ाई से पालन करने के साथ ही प्रतियोगिता की गतिविधियों का नियमित अनुश्रवण कर प्रगति की सूचना समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि कौशांबी की धरती पर प्रतिभाओं की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है। अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए कला प्रतियोगिता को प्रभावी व सफल बनाने का आह्वान किया।