Education
🔴 Breaking

खेल सामग्री से निखरेगी बच्चों की प्रतिभा, विद्यालय का किया सहयोगात्मक पर्यवेक्षण

खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का होता है विकास

12 views

कौशाम्बी : सिराथू के प्राथमिक विद्यालय नादिन का पूरा में सोमवार को एआरपी चौधरी ओम प्रकाश सिंह और नरेश कुमार ने सहयोगात्मक पर्यवेक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में शैक्षिक गतिविधियों के साथ बच्चों की खेलकूद में सहभागिता पर भी जोर दिया गया। पर्यवेक्षण के दौरान विद्यालय की गतिविधियों और बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की गई।

प्रधानाध्यापक शैलेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में सहायक अध्यापक आशीष कुमार सिंह की देखरेख में बच्चे विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रहे हैं। विद्यालय में खेल सामग्री के नियमित उपयोग के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा निखारने और उन्हें पढ़ाई के साथ खेलकूद के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि

खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके सामाजिक व्यवहार को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। खेल के मैदान में बच्चे अनुशासन, आपसी सहयोग, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व जैसे गुण सीखते हैं। ऐसे में खेल सामग्री का उपयोग केवल औपचारिकता तक सीमित न रहकर बच्चों की दैनिक गतिविधियों का हिस्सा बनना चाहिए।

विद्यालय का उद्देश्य खेल सामग्री को अलमारी या रैक तक सीमित रखने के बजाय बच्चों को उसका भरपूर लाभ देना है, जिससे उनकी छिपी प्रतिभा को सामने लाया जा सके। नियमित खेलकूद से बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे शारीरिक रूप से सक्रिय रहते हैं।

विद्यालय परिवार का मानना है कि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। बच्चे खेलेंगे, तभी खिलेंगे और आगे बढ़ेंगे। स्वस्थ बच्चे ही खुशहाल बचपन और उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।