कौशांबी। खेल विभाग के दिशा-निर्देशों के क्रम में हॉकी के जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को खेल दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर जिला खेल कार्यालय कौशांबी की ओर से सुबह नौ बजे से 14 वर्ष से कम आयु के बालकों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों की आयु 14 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक टीमें अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा जारी सत्यापित आयु प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएंगी। आयु प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने वाली टीम को प्रतियोगिता में शामिल नहीं किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने इच्छुक विद्यालयों एवं टीमों से निर्धारित समय पर पहुंचकर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की है।
