Education
🔴 Breaking

कहानी सुनाओ गतिविधि से बच्चों की कल्पना को मिल रही उड़ान

चित्रों और फ्लैश कार्ड के जरिए नौनिहालों में बढ़ रही सुनने, सोचने और अभिव्यक्ति की क्षमता

1 views

कौशाम्बी :मोबाइल स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाल के बीच बच्चों में पढ़ने, सोचने और कल्पना करने की क्षमता को विकसित करने के लिए प्राथमिक विद्यालयों में रचनात्मक गतिविधियों पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय बरेठी, विकासखंड नेवादा में ‘कहानी सुनाओ’ गतिविधि के माध्यम से नौनिहालों को सीखने का रोचक अवसर दिया गया।

विद्यालय में सहायक अध्यापिका सुनयना सिंह ने दीक्षा एप पर उपलब्ध कहानी को रंग-बिरंगे चित्रों और फ्लैश कार्ड की मदद से बच्चों के सामने प्रस्तुत किया। कहानी सुनकर बच्चे उत्साहित नजर आए और उन्होंने पूरे मनोयोग से गतिविधि में प्रतिभाग किया। चित्रों के माध्यम से कहानी के पात्रों और घटनाओं को समझने में बच्चों ने विशेष रुचि दिखाई।

कहानी सुनना बच्चों के लिए केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि उनके मानसिक, नैतिक और भाषाई विकास का प्रभावी माध्यम भी है। कहानी के दौरान बच्चे अपने मन में घटनाओं और पात्रों की कल्पना करते हैं, जिससे उनकी रचनात्मक सोच को विस्तार मिलता है। साथ ही नए शब्दों, सही उच्चारण और वाक्य संरचना को सहज ढंग से सीखने का अवसर मिलता है।

विद्यालय में कराई गई इस गतिविधि से बच्चों में ध्यान केंद्रित करने और दूसरों की बात ध्यानपूर्वक सुनने की आदत विकसित करने पर भी जोर दिया गया। बच्चों को स्वयं कहानी सुनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे उनकी झिझक दूर होने के साथ अभिव्यक्ति का आत्मविश्वास भी बढ़ा। कहानी में अपनी कल्पना के अनुसार नए पात्र और घटनाएं जोड़ने से उनमें सृजनात्मकता विकसित हुई।

शिक्षिका ने बताया कि ‘कहानी सुनाओ’ गतिविधि बच्चों को स्क्रीन की दुनिया से हटाकर कल्पना, संवाद और रचनात्मकता की दुनिया से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। नियमित रूप से ऐसी गतिविधियां कराने से बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ने के साथ भाषा कौशल और आत्मविश्वास का भी विकास होता है।