Sports
🔴 Breaking

कौशांबी वारियर की धमाकेदार जीत, कप्तान दिव्य बने मैच के हीरो

20 ओवर के मुकाबले में क्रिक वारियर्स को 10 विकेट से हराया, 175 रन का लक्ष्य 14.4 ओवर में किया हासिल

93 views

कौशांबी वारियर की धमाकेदार जीत, कप्तान दिव्य बने मैच के हीरो

प्रयागराज : प्रयागराज स्थित सीएवी ग्राउंड पर रविवार को खेले गए 20 ओवर के मुकाबले में कौशांबी वारियर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिक वारियर्स प्रयागराज को 10 विकेट से हराकर मैत्री प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। कप्तान दिव्य के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत टीम ने 175 रन का लक्ष्य बिना कोई विकेट गंवाए महज 14.4 ओवर में हासिल कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिक वारियर्स ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 174 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी कौशांबी वारियर की सलामी जोड़ी ने शुरू से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। कप्तान दिव्य और विपिन कुमार ने पहले विकेट के लिए 175 रनों की अविजित साझेदारी करते हुए टीम को एकतरफा जीत दिलाई।

कप्तान दिव्य ने 55 गेंदों में नाबाद 98 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 13 चौके और पांच छक्के लगाए। वहीं विपिन कुमार ने 34 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाकर उनका शानदार साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन बल्लेबाजी के आगे क्रिक वारियर्स के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।

गेंदबाजी में भी कप्तान दिव्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में दो विकेट हासिल किए। उनके अलावा अवधेश कुमार कुशवाहा, कृष्णा प्रकाश सिंह एवं मोहम्मद अरसद ने एक-एक विकेट चटकाकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोके रखा।

अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कप्तान दिव्य को प्लेयर ऑफ द मैच, बेस्ट बैटर और बेस्ट बॉलर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। टीम के सभी खिलाड़ियों ने सामूहिक प्रदर्शन करते हुए इस शानदार जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया और प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

कौशांबी वारियर टीम : दिव्य (कप्तान), विपिन कुमार, राजेश शुक्ला, सर्वेश कुमार, कृष्णा प्रकाश सिंह, अनुज वर्मा, राकेश बत्रा (विकेटकीपर), जय गोस्वामी, अवधेश कुमार कुशवाहा, मोहम्मद अरसद, मनोज कुमार सिंह व अवनीश यादव।