कौशाम्बी: कौशांबी के कक्षा तीन से 12 तक के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का राष्ट्रीय मंच मिलने जा रहा है। पीएसवाई एजुकेशन एवं रिसर्च काउंसिल की ओर से पीएसवाई प्रतिभा सम्मान योजना-2026 के तहत राष्ट्रीय चित्रकला, शोध और प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक क्षमता विकसित करने के साथ ललित कलाओं को बढ़ावा देना और उनके व्यावहारिक व शैक्षणिक ज्ञान को मजबूत करना है। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई है।
इस संबंध में प्रयागराज मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) संजय कुमार ने 29 अक्टूबर को कौशांबी समेत मंडल के चारों जिलों के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इसके तहत योजना का विद्यालय स्तर पर प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
योजना में सरकारी और निजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के साथ केंद्रीय विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय और सभी मान्यता प्राप्त सहशिक्षा संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। कक्षा तीन से 12 तक के सभी जाति, समुदाय और वर्ग के विद्यार्थियों को इसमें प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थी ऑनलाइन पोर्टल अथवा विद्यालय के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे।
योजना के तहत जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित प्रतिभागियों को तीन वर्षीय छात्रवृत्ति के लिए पात्रता मिलेगी। वहीं, राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को निश्शुल्क आवास, भोजन और यात्रा भत्ता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। आवेदन और योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक पोर्टल www.psynationalexam.in पर संपर्क किया जा सकता है।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव ने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी क्षमता पहचानने और उसे निखारने का अवसर देते हैं। शिक्षकों और अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को इस योजना में प्रतिभाग के लिए प्रेरित करें, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
