कौशाम्बी : लंबे समय से कौशांबी में तैनात तीन खंड शिक्षा अधिकारियों का शासन के निर्देश पर दूसरे जनपदों में स्थानांतरण कर दिया गया है। शिक्षा निदेशक (बेसिक) उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की ओर से सोमवार को जारी स्थानांतरण आदेश में प्रदेश के 118 खंड शिक्षा अधिकारियों को वर्तमान तैनाती वाले जनपद से स्थानांतरित किया गया है। इनमें कौशांबी के तीन खंड शिक्षा अधिकारी शामिल हैं।
कड़ा विकासखंड में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार का स्थानांतरण जनपद चित्रकूट किया गया है। वहीं मंझनपुर विकासखंड में कार्यरत प्रमोद कुमार को जनपद मिर्जापुर भेजा गया है। इसी प्रकार नेवादा विकासखंड में तैनात बृजेश सिंह का स्थानांतरण जनपद बदायूं किया गया है।
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश में स्थानांतरित खंड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती वाले जनपद में कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। उन्हें प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए बिना कार्यभार ग्रहण करना होगा। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्थानांतरण का अनुपालन न करने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कराना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय में कार्यमुक्त न किए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।