Education
🔴 Breaking

कौशाम्बी में 8 अगस्त का वर्षावकाश निरस्त, शनिवार को सभी स्कूल खुलेंगे

मौसम साफ होने पर डीएम के निर्देश के बाद बीएसए का आदेश, पूर्व निर्धारित समय से संचालित होंगी नियमित कक्षाएं

136 views

कौशाम्बी: कौशाम्बी में 8 अगस्त को घोषित वर्षावकाश (रेनी-डे) निरस्त कर दिया गया है। मौसम साफ होने और धूप निकलने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने नया आदेश जारी करते हुए जनपद के सभी परिषदीय तथा सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त एवं सहायता प्राप्त हिन्दी व अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों को शनिवार, 8 अगस्त को पूर्व निर्धारित समय के अनुसार खोलने के निर्देश दिए हैं।

बीएसए द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप में कहा गया है कि 6 अगस्त को खराब मौसम और अतिवृष्टि की आशंका के चलते 7 व 8 अगस्त का वर्षावकाश घोषित किया गया था। हालांकि मौसम सामान्य होने के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसे देखते हुए 8 अगस्त का वर्षावकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।

आदेश के अनुसार जनपद के सभी विद्यालय शनिवार को नियमित रूप से संचालित होंगे और पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कक्षाएं लगेंगी। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।