कौशाम्बी:
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, देवखरपुर (सिराथू) में शुक्रवार को जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्रधानाचार्य संजय भद्र के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए जल बचाने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजय भद्र ने कहा कि जल प्रकृति का अनमोल उपहार और जीवन का आधार है। बढ़ती आबादी, अनियंत्रित जल दोहन तथा जल स्रोतों के प्रदूषण के कारण भविष्य में जल संकट की चुनौती गंभीर होती जा रही है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पानी की एक-एक बूंद का महत्व समझे, अनावश्यक जल बर्बादी रोके तथा वर्षा जल संचयन सहित जल संरक्षण के उपायों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जल बचाने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।
इसके बाद शिक्षक श्याम बाबू ने छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने जल का सदुपयोग करने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पानी की बर्बादी रोकने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
