जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ के दृष्टिगत कुबरी घाट एवं कालेश्वर घाट का किया भ्रमण, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पब्लिक एड्रेस (पी.ए.) सिस्टम के माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक करने के निर्देश
कौशाम्बी: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज संभावित बाढ़ के दृष्टिगत कुबरी घाट एवं कालेश्वर घाट का भ्रमण कर आमजन की सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी सिराथू प्रमेश श्रीवास्तव एवं अधिशासी अधिकारी,दारानगर को निर्देशित किया कि घाटों पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग एवं जेटी की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने नाव संचालन की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में नाव पर निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाया जाए तथा सभी के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए, बिना लाइफ जैकेट के किसी भी व्यक्ति को नाव पर यात्रा करने की अनुमति न दी जाए।
जिलाधिकारी ने घाटों पर स्थापित सी.सी.टी.वी. कैमरों की क्रियाशीलता निरंतर बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखी जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि पब्लिक एड्रेस (पी.ए.) सिस्टम के माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक किया जाय कि गहरे पानी में न जाए। इसके साथ ही सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी संकेतक एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए। ऐसी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना अथवा किसी के डूबने की घटना न होने पाए।
