जिलाधिकारी ने की जिला उद्योग बन्धु समिति एवं जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक

जिलाधिकारी ने जिला उद्योग बन्धु समिति एवं जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक मे उद्यमियों/व्यापारियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के दिए निर्देश

42 views

जिलाधिकारी ने की जिला उद्योग बन्धु समिति एवं जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक

जिलाधिकारी डाॅ. अमित पाल की अध्यक्षता में उदयन सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति, जिला श्रम बन्धु समिति एवं जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने उद्यमियों/व्यापारियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त उद्योग ने बताया कि विगत माह में निवेश मित्र पोर्टल पर कुल 463 प्रकरण प्राप्त हुए, जिसमें 395 प्रकरण निस्तारित हो चुके हैं एवं 25 प्रकरण विभिन्न विभागों के स्तर पर लंबित हैं, जिसमें से श्रम विभाग-02, कृषि विभाग-18, खाद्य एवं औषधि-01, प्रदूषण नियन्त्रण बोर्ड-03 एवं उ0प्र0 पावर कार्पोरेशन लि0 के-01 हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सी.एम. युवा योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण आवेदनों की बैंकवार समीक्षा के दौरान ऋण आवेदन, बैंकों में लंबित पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सभी बैंकर्स को लंबित ऋण आवेदनों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सी.एम. युवा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। उन्होंने एम.ओ.यू. दाखिल निवेशकों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारी को शीघ्र समस्या निस्तारित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका परिषद भरवारी के सिंघिया में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण हटाकर सड़क व नाली निर्माण कराए जाने के प्रकरण पर टीम गठित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्लेज पार्क के अन्तर्गत नगर पालिका परिषद भरवारी व मंझनपुर के मध्य पड़ने वाली मार्ग, जो नियामतपुर से होते हुए सिराथू मंझनपुर मार्ग को जोड़ती है, के चैड़ीकरण के सम्बन्ध में अधिशासी अभियंता लो0नि0वि0 ने बताया कि कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया गया है।

जिला व्यापार बन्धु समिति की बैठक के दौरान बताया गया कि मंडी समिति, ओसा में धर्मकांटा लगाए जाने की कार्यवाही की जा रही है। बैठक में प्रभास गिरी प्रवेश द्वार पुनः बनाए जाने के प्रकरण पर बताया गया कि आगणन तैयार कर लिया गया है, शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

जिलाधिकारी ने परसरा बस स्टॉप से बसों का संचालन कराए जाने के प्रकरण पर कहा कि ए.आर.एम. को पत्र प्रेषित किया जाए। उन्होंने नगर पंचायत सिराथू रेल ऊपरगामी सेतु के 100 मी0 पहले स्पीड का साइन बोर्ड एवं स्पीड ब्रेकर बनाए जाने के प्रकरण पर अधिशासी अभियंता, लो0नि0वि0 को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण एवं रमेश अग्रहरि, प्रवेश केसरवानी तथा विपिन केसरवानी सहित अन्य व्यापारीगण उपस्थित रहें।