जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं
कौशाम्बी: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज “गॉव की समस्या,गॉव में समाधान“ के अन्तर्गत विकास खण्ड मूरतगंज की ग्राम-अरई सुमेरपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित किया जाए। उनके द्वारा नजदीकी सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने पर ग्रामवासियों ने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी को ग्राम में स्थित विद्यालय का निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार प्रदान किया एवं बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आवास प्लस सर्वे के अंतर्गत 58 परिवारों को चिन्हित किया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि ग्राम में 141 लोगों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिल रहा है एवं परिवार रजिस्टर से मिलन के उपरांत और 47 पात्र लोगों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें शीघ्र लाभान्वित किया जाएगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि ग्राम में 35 लाभार्थियों को निराश्रित महिला पेंशन का लाभ मिल रहा है। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि ग्राम में 13 दिव्यांगजनों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।
ग्राम चौपाल में समाज कल्याण अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
