Education
🔴 Breaking

जीवन कौशल से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास, 38 शिक्षक ले रहे प्रशिक्षण

आकांक्षी ब्लाक कौशांबी में जीवन शिक्षा प्रकल्प के पांचवें बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर

13 views

कौशाम्बी : नीति आयोग एवं मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से संचालित जीवन शिक्षा प्रकल्प के द्वितीय वर्ष के पाठ्यक्रम के अंतर्गत आकांक्षी ब्लाक कौशांबी में पांचवें बैच का तीन दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण खंड शिक्षा अधिकारी के सभागार में चल रहा है। 16 से 19 सितंबर तक चलने वाले प्रशिक्षण में 38 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रशिक्षण में शिक्षकों को जीवन कौशल आधारित शिक्षण पद्धतियों के साथ विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को सरल, सहज और गतिविधि आधारित शिक्षण विधियों से दक्ष करना है, जिससे कक्षा में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता बढ़े और उनके सर्वांगीण विकास को गति मिल सके।

प्रशिक्षण के दौरान लैंगिकता एवं जैविक लिंग, पाठ्यक्रम अभिमुखीकरण, बाल संरक्षण एवं सुरक्षा प्रक्रिया, मैजिक मित्र, जीवन कौशल मार्गदर्शिका व उसके प्रमुख तत्व और जीवन शिक्षा प्रकल्प रजिस्टर के संधारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जा रही है। शिक्षकों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इन विषयों को समझाया जा रहा है।

प्रशिक्षकों ने बताया कि कक्षा छह के विद्यार्थियों के साथ 22 सत्र तथा कक्षा सात, आठ, नौ व दस के विद्यार्थियों के साथ 15-15 सत्र संचालित किए जाएंगे। इन सत्रों में विद्यार्थियों को विभिन्न जीवन कौशल आधारित गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा।

जीवन शिक्षा प्रकल्प का उद्देश्य विद्यार्थियों में समस्या समाधान, निर्णय लेने की क्षमता, स्व-जागरूकता, सहयोग, रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल विकसित करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ दैनिक जीवन में आवश्यक व्यवहारिक व सामाजिक कौशल सीखने का अवसर मिलेगा।

प्रशिक्षण का संचालन मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबंधक फैजल खान, एआरपी कृष्ण सिंह कुमार व जीवन शिक्षा प्रकल्प फेलो लवकुश चतुर्वेदी के समन्वय से किया जा रहा है। मास्टर प्रशिक्षक ऋतुराज सिंह, वेद प्रकाश मिश्रा, राजू सिंह, विद्या भूषण द्विवेदी, राजेश कुमार, प्रतिमा शुक्ला व अलका सिंह शिक्षकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में जीवन शिक्षा प्रकल्प की गतिविधियों का नियमित संचालन करेंगे। इससे विद्यार्थियों में व्यक्तिगत, सामाजिक एवं व्यवहारिक जीवन कौशल विकसित करने के साथ उन्हें दैनिक जीवन की विभिन्न परिस्थितियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए तैयार किया जाएगा।