Education
🔴 Breaking

जीवन कौशल प्रशिक्षण में शिक्षक सीखेंगे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के गुर

आकांक्षी ब्लाक कौशांबी में जीवन शिक्षा प्रकल्प के तृतीय व चतुर्थ बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

27 views

कौशांबी: नीति आयोग व मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से संचालित जीवन शिक्षा प्रकल्प के द्वितीय वर्ष के पाठ्यक्रम के अंतर्गत आकांक्षी ब्लाक कौशांबी में तृतीय व चतुर्थ बैच का तीन दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण शनिवार से खंड शिक्षा अधिकारी के सभागार में शुरू हुआ। प्रशिक्षण क्रमशः 12 व 14 व 15 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण में शिक्षकों को जीवन कौशल आधारित शिक्षण पद्धति, गतिविधि आधारित शिक्षण व विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के तरीकों की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य शिक्षकों को ऐसे सरल और व्यावहारिक तरीकों से परिचित कराना है, जिनके माध्यम से विद्यालयों में विद्यार्थियों के शैक्षिक ज्ञान के साथ उनके व्यक्तिगत, सामाजिक और व्यवहारिक विकास को भी गति दी जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान लैंगिकता व जैविक लिंग, पाठ्यक्रम अभिमुखीकरण, बाल संरक्षण व सुरक्षा प्रक्रिया, मैजिक मित्र, जीवन कौशल कार्ययोजना, उसके प्रमुख घटक व जीवन शिक्षा प्रकल्प पंजिका के संधारण सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जा रही है। मास्टर प्रशिक्षकों की ओर से गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को इनके व्यावहारिक प्रयोग का अभ्यास भी कराया जा रहा है। जीवन शिक्षा प्रकल्प के माध्यम से विद्यार्थियों में समस्या समाधान, निर्णय लेने की क्षमता, आत्म-जागरूकता, सहयोग की भावना, रचनात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास जैसे जीवन कौशल विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद शिक्षक अपने विद्यालयों में इन गतिविधियों का नियमित संचालन करेंगे।

प्रशिक्षण का शुभारंभ एआरपी कृष्ण प्रकाश सिंह, जीवन शिक्षा प्रकल्प साथी लवकुश चतुर्वेदी व जीवन शिक्षा प्रकल्प साथी अरमान अली, मोहम्मद शादाब के समन्वय व सहयोग से हुआ। मास्टर प्रशिक्षक ऋतुराज सिंह, वेद प्रकाश मिश्रा, राजू सिंह, विद्या भूषण द्विवेदी, राजेश कुमार, प्रतिमा शुक्ला व अलका सिंह शिक्षकों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।

प्रशिक्षकों ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय उन्हें दैनिक जीवन की परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना जरूरी है। जीवन कौशल आधारित गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास और व्यवहारिक समझ विकसित होगी। आकांक्षी ब्लाक में यह पहल विद्यार्थियों के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।