Education
🔴 Breaking

ई-वेस्ट के खतरों से रूबरू हुए बच्चे, पेंटिंग से दिया हरित पर्यावरण का संदेश

क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने परखे ज्ञान, सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण के प्रति किया जागरूक

46 views

कौशाम्बी: इलेक्ट्रानिक उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच ई-वेस्ट का सुरक्षित निस्तारण पर्यावरण संरक्षण की बड़ी जरूरत बन गया है। इसी को लेकर बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय जमालमऊ, सिराथू में ई-वेस्ट जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत क्विज और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर इलेक्ट्रानिक कचरे के दुष्प्रभावों और उसके उचित निस्तारण के तरीकों की जानकारी हासिल की।

क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से ई-वेस्ट के खतरों, सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण के महत्व से जुड़े सवाल पूछे गए। बच्चों ने सवालों के जवाब देकर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। वहीं, पेंटिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। उनकी कलाकृतियों में स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जागरूकता की झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापक सौरभ श्रीवास्तव ने बच्चों को ई-वेस्ट के उचित प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुराने मोबाइल फोन, लैपटाप, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरणों को सामान्य कूड़े में नहीं फेंकना चाहिए। इन्हें अधिकृत संग्रह केंद्रों पर जमा करना चाहिए, ताकि इनका सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण किया जा सके। ई-वेस्ट का लापरवाही से निस्तारण मिट्टी, पानी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में बच्चों की जागरूकता के साथ परिवार और समाज की सहभागिता भी जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को संदेश दिया गया कि ई-वेस्ट को कूड़े में फेंकने के बजाय उसके सुरक्षित निस्तारण और पुनर्चक्रण को अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।