Education
🔴 Breaking

ई-कचरे के दुष्प्रभावों से बच्चों को कराया अवगत, धनतेरस पर दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

कंपोजिट विद्यालय उजिहिनी खालसा में जागरूकता कार्यक्रम के साथ मिट्टी से दीये व सजावटी सामान बनाकर मनाया पर्व

33 views
ई-कचरे के दुष्प्रभावों से बच्चों को कराया अवगत, धनतेरस पर दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
1 / 2
Image 1 of 2(Primary Cover)

कौशाम्बी : कंपोजिट विद्यालय उजिहिनी खालसा में शुक्रवार को ई-कचरे के उचित प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों को ई-कचरे के प्रकार, उसके स्रोत, पुनः उपयोग और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक करते हुए इसे इधर-उधर न फेंकने का संकल्प दिलाया गया।

प्रार्थना सभा में विज्ञान शिक्षिका स्वर्णलता हजारी ने ई-कचरे के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाला कचरा पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। इसके संग्रह और निस्तारण के लिए अलग डस्टबिन का प्रयोग किया जाना चाहिए। गणित शिक्षक संदीप कुमार शर्मा ने बच्चों को प्रेरित किया कि वे अपने घरों में निकलने वाले अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक सामान को विद्यालय में एकत्रित करें, ताकि उसे संग्रह केंद्रों तक पहुंचाकर उचित तरीके से निस्तारित कराया जा सके। उन्होंने बताया कि ई-कचरे में शीशा, पारा और कैडमियम जैसी हानिकारक धातुएं पाई जाती हैं, जो मिट्टी, जल और वायु को प्रदूषित करने के साथ मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं।

उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि ई-वेस्ट का सही प्रबंधन अपनाकर पर्यावरण को सुरक्षित बनाया जा सकता है। आज की जागरूकता ही आने वाले कल को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने का आधार है। इस दौरान शिक्षिका प्रियम सिंह, जागृति सिंह और अपर्णा लालमणि तिवारी ने भी बच्चों को ई-कचरे के उचित निस्तारण के लिए प्रेरित किया।

वहीं, धनतेरस पर्व के अवसर पर विद्यालय में बच्चों ने मिट्टी से आकर्षक दीये, देवी-देवताओं की मूर्तियां और विभिन्न सजावटी वस्तुएं बनाईं। बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक हुनर का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर पर्व की खुशियां साझा कीं। विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।