कौशाम्बी: हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में 15 अगस्त को जिला स्तरीय बालक एवं बालिका वर्ग की पांच किलोमीटर क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, टेवां से होगा।
उपक्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त तक मनाया जाएगा। इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के इच्छुक बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए खिलाड़ियों को 13 एवं 14 अगस्त तक जिला खेल कार्यालय, कौशांबी में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निःशुल्क पंजीकरण कराना होगा।
उन्होंने बताया कि दोनों वर्गों में प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। जिला खेल कार्यालय ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से समय रहते पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा फिटनेस के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
