Education
🔴 Breaking

हर बच्चे को निपुण बनाने के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना

डायट में निपुण भारत मिशन की मासिक समीक्षा बैठक, शिक्षण गुणवत्ता और नवाचार पर जोर

21 views
हर बच्चे को निपुण बनाने के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना
1 / 2
Image 1 of 2(Primary Cover)

कौशाम्बी: परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए शुक्रवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) मंझनपुर में मासिक समीक्षा बैठक हुई। डायट प्राचार्य निधि शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विद्यालयों के शैक्षणिक प्रदर्शन, बच्चों के अधिगम स्तर और शिक्षण गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसके क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निपुण भारत मिशन मानिटरिंग सेंटर से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई। शिक्षक संकुलों को अपने क्षेत्रों में नियमित शैक्षणिक अनुश्रवण करने और बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। साथ ही शिक्षकों को शिक्षक संदर्शिका और साप्ताहिक कार्ययोजना के अनुरूप कक्षागत शिक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। एलएलएफ की जिला समन्वयक आरती वर्मा ने शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए इन संसाधनों के व्यवस्थित उपयोग की आवश्यकता बताई।

डायट प्रवक्ता धीरज कुमार ने मानिटरिंग सेंटर के आंकड़ों के विश्लेषण पर चर्चा की। एसआरजी डा. दिलीप कुमार तिवारी ने कहा कि सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के दौरान शिक्षकों को नियमित और उपयोगी फीडबैक देना जरूरी है। इससे शिक्षण की कमियों को दूर करने और बच्चों के सीखने की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता अनूप कुमार ने मेंटर्स को नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों और शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने निपुण तालिका को नियमित अद्यतन रखने, कार्यपुस्तिकाओं की समयबद्ध जांच करने और राज्य परियोजना कार्यालय के दिशा-निर्देशों के साथ शैक्षणिक कैलेंडर का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उत्कृष्ट शिक्षकों के नवाचारों को मिलेगा प्रोत्साहन

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों के नवाचारों को सामने लाना जरूरी है। इसके लिए उनके उत्कृष्ट प्रयासों का दस्तावेजीकरण करने और लघु वीडियो तैयार कर साझा करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों की राज्य, राष्ट्रीय और राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कारों में भागीदारी बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया।

बैठक में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा, राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग देकर व्यवस्थित तैयारी कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, अधिगम स्तर का नियमित आकलन करने और अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

बैठक में जनपद की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई ऊंचाई पर ले जाने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, डायट मेंटर डा. देवेंद्र सिंह यादव, राजेंद्र कुमार भारतीय, डा. देवेंद्र कुमार मिश्र, डा. संदीप तिवारी, डा. प्रमोद कुमार सेठ, शबीह मुस्तफा सहित अन्य विभागीय अधिकारी और मेंटर्स उपस्थित रहे।