कौशाम्बी : सिराथू तहसील क्षेत्र के हिसामपुर परसखी गांव में आयोजित दो दिवसीय मेला व दंगल का रविवार को समापन हो गया। दंगल में विभिन्न प्रदेशों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मुख्य मुकाबले में टेवां के राजेश पहलवान ने मेरठ के जाकिर पहलवान को पटखनी देकर दंगल चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
दंगल के अन्य मुकाबलों में कन्नौज के शैलेंद्र पहलवान ने राजस्थान की पायल पहलवान को हराया। कौशांबी के अंकुर ने मेरठ के राजू, संतोष ने फतेहपुर के जितेंद्र और टेवां के अलफेज ने महाराष्ट्र के विजय को पटखनी दी। कौशांबी के राजेश पहलवान ने रिजवान को शिकस्त देकर मुकाबला जीता। वहीं, चायल के मोहित और कोटवा के नरेश के बीच कुश्ती बराबरी पर छूटी।
ग्राम सभा की ओर से आयोजित मेला व दंगल अमरीश पांडेय और रामराज कोटेदार की अगुवाई में संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और क्षेत्रीय दर्शकों ने पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
