कौशाम्बी : सिराथू विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर धमावां में सोमवार को हिंदी दिवस मनाया गया। हरितालिका तीज के महिला अवकाश के कारण विद्यालय संचालन की जिम्मेदारी प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक दीपनारायण मिश्र ने संभाली। हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने उनके मार्गदर्शन में हिंदी भाषा से जुड़ी रोचक और जानकारीपरक सामग्री के आकर्षक चार्ट तैयार किए।
कक्षा आठ की भाषा की पुस्तक 'प्रज्ञा' में शामिल 'हिंदी विश्व शांति की भाषा है' पाठ का वाचन कर विद्यार्थियों को हिंदी के वैश्विक महत्व की जानकारी दी गई। बताया गया कि जापान में भी हिंदी भाषा के प्रति लोगों में विशेष रुचि है। कई जापानी नागरिक हिंदी भाषा सीखने के साथ ही हिंदी में पुस्तकों का लेखन भी कर चुके हैं।
हिंदी दिवस विषयक चार्ट तैयार करने में छात्राओं शिल्पा, शिवानी और आरुषा गुप्ता ने विशेष योगदान दिया। इस दौरान सहायक अध्यापक दीपनारायण मिश्र ने कहा कि हिंदी ने देश की एकता, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों को जोड़ने वाली भाषा है। ऐसे में हिंदी को विश्व शांति और सौहार्द की भाषा कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।
