कौशाम्बी : सिराथू के उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगीरा में सोमवार को हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए पोस्टर, निबंध और कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में कक्षा छह, सात और आठ के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के प्रति अपनी समझ, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में छात्रा वर्ग में छवि कुशवाहा, खुशी अग्रहरी, रानू, आशु देवी, मोनी देवी, रितु और प्रियांशी ने बेहतर प्रदर्शन कर स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्र वर्ग में अंश कुमार, गोपाल कुमार और शुभम विजेता रहे। विद्यालय की ओर से सभी विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा होने के साथ ही हमारी संस्कृति और भावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए इस तरह की गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बच्चों को हिंदी भाषा के नियमित अध्ययन और इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
