Accident
🔴 Breaking

हाइवे पर काल बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन, पंचर बना रहे चार युवकों की मौत

सैनी के त्रिलोकपुर में एन एच 19 पर हुआ हादसा, इलाज के दौरान चारों ने तोड़ा दम; सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

10 views

कौशांबी:

प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैनी थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर में मंगलवार की आधी रात भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। कंगन होटल के सामने सड़क किनारे खड़ी चारपाइयों से लदी एक पिकअप का पंचर बनाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने वहां काम कर रहे चारों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना पर पहुंची सैनी पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर सभी को मेडिकल कॉलेज मंझनपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान साबिर व अकबर पुत्रगण शरीफ निवासी वार्ड नंबर-10 सराय सिराथू (थाना सैनी), अनवर पुत्र स्व. मुमताज निवासी मूरतगंज (थाना संदीपन घाट) तथा एहसान पुत्र स्व. सपातुल्लाह निवासी रसूलपुर (थाना कोखराज) के रूप में हुई है।

एक साथ चार युवकों की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल और गांवों में शोक का माहौल छा गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर हाईवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।