Others
🔴 Breaking

ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

समस्याओं को निस्तारित करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया

39 views

ग्राम चौपाल में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं विकासखंड मूरतगंज की ग्राम पंचायत अरई सुमेरपुर में शुक्रवार को शासन की पहल "गांव की समस्या, गांव में समाधान" कार्यक्रम के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सबसे अधिक शिकायतें वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गांव के प्राथमिक विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था की भी समीक्षा की। समीक्षा में पिछले वर्ष 233 छात्रों के सापेक्ष इस वर्ष केवल 214 छात्रों का नामांकन मिलने तथा विद्यालय में छात्रों की कम उपस्थिति (अटेंडेंस) पाए जाने पर उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी हिना सिद्दीकी को फटकार लगाई। उन्होंने नामांकन बढ़ाने, विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

चौपाल के दौरान ग्रामीण विमला देवी ने विधवा पेंशन न मिलने की शिकायत की। उर्मिला देवी ने आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। वहीं सादिक अहमद ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत न होने की शिकायत दर्ज कराई। सरस्वती देवी ने किसान सम्मान निधि की राशि न मिलने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। डीएम ने सभी शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. विनोद राम त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह, सीडीपीओ रेनू वर्मा, खंड विकास अधिकारी गिरजेश प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी हिना सिद्दीकी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुश शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी राजीव पाल, मैकू लाल यादव, धनराज सिंह, चेतन सिंह, राहुल सिंह, नवीन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।